Wednesday, August 24, 2011

अन्ना की गिरफ्तारी की आशंका से हड़कंप


रामलीला मैदान में बुधवार रात सबकुछ ठीक चल रहा था। मैदान अन्ना समर्थकों से भरा था। इसी बीच रात के साढे़ ग्यारह बजे सिविल सोसायटी की ओर से घोषणा होती है कि अन्ना हजारे और सिविल सोसायटी के सदस्यों को पुलिस जबरदस्ती उठाकर ले जा सकती है। ऐसे में समर्थक संयम बनाए रखें। समर्थकों के बीच हलचल मच जाती है और समर्थक अन्ना हजारे जिंदाबाद और वंदे मातरम् के नारे लगाने लगते हैं। पुलिस ने रामलीला मैदान के चारों ओर बैरिकेटिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। चारों ओर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
रामलीला मैदान के मंच पर ठीक सात मिनट बाद 11:37 बजे टीम अन्ना आती है और अन्ना हजारे समर्थकों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि मैं बिल्कुल स्वस्थ्य और फिट हूं। अगर पुलिस मुझे जबरदस्ती ले जाए तो देशवासियों को दिल्ली की ओर कूच करना है। अन्ना ने 'चलो दिल्ली' का नारा देते हुए कहा कि अहिंसापूर्वक सभी ने संसद का घेराव करना है और गिरफ्तारियां देते हुए जेल भरो आंदोलन करना है। उन्होंने समर्थकों से बार-बार आग्रह किया कि पुलिस और सरकार कितनी भी बर्बरता अपनाए, लेकिन सभी को संयम बरतते हुए अपना विरोध अहिंसापूर्वक करना है।
टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने कहा कि रामलीला मैदान हमारी कर्मभूमि है। अगर अन्ना की तबीयत खराब होगी तो हम खुद नहीं चाहेंगे कि वह यहां रहें। लेकिन अन्ना खुद कह रहे हैं कि उनकी तबीयत ठीक है।
सिविल सोसायटी के प्रवक्ता मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार से आज हमारी बात हुई। लेकिन जो स्थिति 10 अप्रैल और 16 अगस्त को थी, वही आज भी है। सरकार के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है। सरकार हमसे सौदेबाजी करना चाहती है, जो हम नहीं चाहते। सरकार कहती है कि कुछ कदम तुम चलो, कुछ कदम हम चलें। लेकिन हमें अन्ना के जन-लोकपाल से कम कुछ भी नहीं चाहिए।
रात 11:50 बजे अन्ना ने एक बार फिर समर्थकों को संबोधित किया और कहा कि मुझे कोई तकलीफ नहीं है। सरकार चाहे तो सरकारी डॉक्टर से चेकअप करा सकती है। फिर भी अगर पुलिस मुझे लेकर जाती है तो संयम बनाए रखना है और अहिंसा का मार्ग अपनाते हुए दिल्ली आना है। जेल भरो आंदोलन चलाना है। जिसके बाद अन्ना विश्राम के लिए चले गए और कुछ सेकेंड बाद किरण बेदी मंच पर वापस आती हैं और कहती हैं कि पुलिस आयुक्त बीके गुप्ता का संदेश उनके मोबाइल पर आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि अन्ना की गिरफ्तारी की कोई योजना नहीं है।

No comments:

Post a Comment