Friday, August 19, 2011

..ताकि झंडा ऊंचा रहे हमारा


अन्ना हजारे के आंदोलन को आजाद भारत में आजादी की दूसरी लड़ाई की संज्ञा दी गई है। हजारे के साथ लाखों लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े हैं। माहौल में वंदेमातरम गूंज रहा है, झंडा ऊंचा रहे हमारा व रंग दे बसंती चोला, गीत गाए जा रहे हैं और फिर एक सीन ऐसा भी आ रहा है, जब देश की आन बान शान तिरंगा जमीन पर पड़ा अपमानित होता रहता है। किसी 'देशभक्त' की गाड़ी उसे रौंद कर चली जाती है, तो कोई 'राष्ट्रप्रेमी' उसे अपने पैरों तले कुचलते हुए निकल जाता है। इलाहाबाद में यह नजारा इन दिनों आम है।
शहर का सुभाष चौराहा इस समय अन्ना हजारे के आंदोलन का केंद्र बना है, यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के सामने पिछले चार दिनों से हजारों लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। 'तुम मुझे खून दो-मैं तुम्हें आजादी दूंगा, का नारा देने वाले नेताजी की आत्मा रोजाना ही अपनों के कार्यो से घायल होती होगी, उनकी आंखों के सामने ही तिरंगे का अपमान हो रहा है और पुलिस प्रशासन मौन रहकर यह तमाशा देख रहा है। तस्वीरों में देखिए, कहां है तिरंगा और कैसे लोग उसे कुचल रहे हैं।
फ्लैग कोड इंडिया
कोई भी व्यक्ति तिरंगे की गरिमा से खिलवाड़ न कर सके, इसके लिए फ्लैग कोड इंडिया-2002 बनाया गया। वर्ष 2002 के पहले आम जनता राष्ट्रीय दिवस को छोड़ किसी और दिन राष्ट्रीय ध्वज किसी सार्वजनिक स्थान पर नहीं लगा सकती थी। सिर्फ सरकारी कार्यालयों में ही इसे लगाया जा सकता था। सन 2002 में उद्योगपति नवीन जिंदल ने अपने कार्यालय के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज लगाया था। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी की गई। विरोध में उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की। यह मामला उच्च न्यायालय से उच्चतम न्यायालय में गया। सुप्रीमकोर्ट ने भारत सरकार को इस मामले पर विचार करने के लिए एक कमेटी बिठाने की सलाह दी। अंत में देशवासियों को सम्मान के साथ सालभर राष्ट्रीय ध्वज लगाने का अधिकार मिला।
तिरंगा फहराने के नियम
-फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के तहत झंडे को कभी भी जमीन पर नहीं रखा जाएगा।
उसे कभी पानी में नहीं डुबोया जाएगा और किसी भी तरह नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। यह नियम भारतीय संविधान के लिए भी लागू होता है।
-तिरंगे की यूनिफार्म बनाकर पहनना भी गलत है।
-कमर के नीचे तिरंगा बना कोई कपड़ा पहनना भी तिरंगे का अपमान है।
-तिरंगे को अंडरगार्मेट्स, रुमाल या कुशन आदि बनाकर भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

No comments:

Post a Comment